Hajipur News : युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद और जन-जागरूकता अभियानों से जोड़कर नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में लगातार पहल की जा रही है. इसी उद्देश्य से नशामुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को भगवानपुर स्थित जीए हाई स्कूल में वॉलीबॉल फ्रेंडली मैच का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें खेलों से जोड़कर स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था.
बालिका वर्ग में जीए हाई स्कूल की टीम विजेता
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, वैशाली की ओर से किया गया, जबकि इसके सफल संचालन में यंग स्टार युवा विकास समिति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फ्रेंडली मैच में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. बालिका वर्ग में जीए हाई स्कूल की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया. वहीं बालक वर्ग में नारायणा स्पोर्ट्स क्लब की टीम विजेता रही.
खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
मैच के दौरान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और अतिथियों ने नशे से स्वयं दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य युवाओं को भी नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने का संकल्प लिया. सभी ने नशामुक्ति की शपथ लेकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया.
खेल से युवाओं को मिलती है सकारात्मक दिशा
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है. युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देकर उन्हें नशे से दूर रखा जा सकता है. खेल गतिविधियों के साथ जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन युवाओं को स्वस्थ और बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
