Vaishali fake salt raid : वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के लावापुर गांव में ब्रांडेड नमक के नाम पर कथित नकली उत्पाद बेचने के मामले का खुलासा हुआ है. टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की शिकायत पर महनार थाना पुलिस ने शिवनाथ जनरल स्टोर और उसके गोदाम में छापेमारी कर एक-एक किलोग्राम के 100 पैकेट कथित नकली टाटा नमक बरामद किए. पुलिस ने सभी पैकेट जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
कंपनी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के आईपीआर एग्जीक्यूटिव सुकांता डोलुई ने महनार थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि लावापुर स्थित शिवनाथ जनरल स्टोर पर टाटा ब्रांड के नाम पर कथित नकली नमक बेचा जा रहा है.
शिकायत के सत्यापन के बाद पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में दुकान और गोदाम की तलाशी ली. छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में कथित नकली नमक बरामद होने पर उसे जब्त कर लिया गया.
दो संचालकों पर प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में दुकान संचालक जुली देवी और रवि रंजन शाह के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट, 1957 की धारा 63 एवं 65 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत महनार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जब्त नमक की जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. कंपनी की ओर से भी ब्रांड के कथित दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.
