Hajipur News: जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में उत्पाद पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के अंजानपीर चौक के पास छापेमारी कर अवैध रूप से ले जाई जा रही 1455 लीटर बीयर बरामद की है. पुलिस ने शराब लदे एक पिकअप वैन को जब्त कर लिया है.
छापेमारी के दौरान उत्पाद पुलिस ने मौके से दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
पूर्ण शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अवैध शराब के धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उत्पाद विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर निरंतर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा.
आम नागरिकों से सहयोग की अपील
उत्पाद विभाग ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि शराब के निर्माण, भंडारण या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध समयबद्ध एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
