Hajipur News: स्थानीय चकसिकंदर स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय वैशाली में मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र की नियमित कक्षाओं का शुभारंभ किया गया. विद्यार्थियों के उत्साह, ऊर्जा और नई उम्मीदों के साथ अकादमिक गतिविधियों की शुरुआत हुई. यूजीईएसी के माध्यम से विभिन्न अभियंत्रण शाखाओं में प्रवेश प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद नवप्रवेशी एवं पुराने विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में सहभागिता की.
महाविद्यालय प्रशासन एवं संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान तथा तकनीकी कौशल के विकास के लिए प्रेरित किया. कक्षाओं के प्रथम दिन सभी विभागों में शिक्षण कार्य सुचारु रूप से प्रारंभ हुआ. संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की रूपरेखा, प्रयोगशाला गतिविधियों, परियोजना आधारित अधिगम तथा सेमेस्टर की शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी.
नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ शुरू हुआ शैक्षणिक सत्र
प्राचार्य आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया है. उन्होंने कहा कि यह सत्र विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की सशक्त नींव सिद्ध होगा.
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई से 14 अगस्त तक नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट, छात्रवृत्ति योजनाओं, पुस्तकालय, छात्रावास, तकनीकी एवं सांस्कृतिक क्लबों, एनपीटीईएल एवं सिस्को वर्चुअल लैब, अनुसंधान गतिविधियों, रेड रिबन क्लब, योग, स्वच्छता अभियान, संचार कौशल तथा करियर मार्गदर्शन सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों से परिचित कराया जाएगा.
अभिभावकों को भी किया गया आमंत्रित
प्राचार्य ने बताया कि 31 जुलाई को आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं, संकाय सदस्यों, नियमों तथा कार्यप्रणाली से परिचित कराना है. इससे विद्यार्थियों को संस्थान के वातावरण को समझने और अपने शैक्षणिक जीवन की बेहतर शुरुआत करने में सहायता मिलेगी.
