Vaishali Old Age Pension : वैशाली जिले के लालगंज प्रखंड के खरौना गांव निवासी 80 वर्षीय जगन्नाथ राय अपनी बंद वृद्धावस्था पेंशन को दोबारा चालू कराने के लिए पिछले करीब 10 महीनों से प्रखंड मुख्यालय के चक्कर लगा रहे हैं. बढ़ती उम्र और शारीरिक कमजोरी के बावजूद उन्हें लाठी के सहारे कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है.
पहले मिलती थी पेंशन, फिर हो गई बंद
स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विक्की कुमार ने बताया कि जगन्नाथ राय को पहले नियमित रूप से वृद्धावस्था पेंशन मिल रही थी. करीब 10 महीने पहले किसी कारणवश पेंशन बंद हो गई. इसके बाद उन्होंने कई बार संबंधित विभाग में आवेदन देकर पेंशन बहाल करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
आर्थिक तंगी से बढ़ी बुजुर्ग की परेशानी
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार पेंशन बंद होने के कारण जगन्नाथ राय को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. दवा, भोजन और अन्य जरूरी खर्चों की व्यवस्था करना भी उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है. उनका कहना है कि जीवन के इस पड़ाव पर अपने वैधानिक अधिकार के लिए लगातार सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ रहा है.
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर पात्र बुजुर्ग की पेंशन बहाल कराने की मांग की है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और जगन्नाथ राय को उनका वैधानिक अधिकार मिल पाता है या नहीं.
