flood in Hajipur : जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएम वर्षा सिंह शनिवार को खुद राघोपुर और हिम्मतपुर समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचीं. उन्होंने एसडीआरएफ की मोटरबोट से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान बाढ़ में फंसे लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं.
मोटरबोट से पहुंचीं बाढ़ में फंसे लोगों तक
डीएम ने मोटरबोट से बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण किया और फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था करायी. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और बचाव दल को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें तत्काल राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
सिक्सलेन पुल के पास डीएम ने बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित महिलाओं और पुरुषों से बातचीत की. उनकी समस्याएं सुनने के बाद तत्काल सामुदायिक रसोई शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमित रूप से मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया जा सके.
पशुओं के लिए चारा, लोगों को 500 ड्राई राशन पैकेट
डीएम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध कराने और उसके उचित वितरण का निर्देश दिया. राहत के तहत प्रभावित परिवारों के बीच 500 ड्राई राशन पैकेट का वितरण किया गया. लोगों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए जरूरत के अनुसार टॉर्च उपलब्ध कराने को भी कहा गया.
नावों में लाइट, पानी और फर्स्ट एड किट जरूरी
डीएम ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चलने वाली सभी नावों पर पर्याप्त रोशनी, लाइट, पीने का पानी और फर्स्ट एड किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे. उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता मिलनी चाहिए. डीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों से अपील की कि वे बाढ़ के पानी, नदी और तेज बहाव वाले स्थानों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं. विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की. किसी भी जरूरत या आपात स्थिति में प्रशासन और जिला नियंत्रण कक्ष से तत्काल संपर्क करने को कहा.
