वैशाली में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, डीएम ने गर्भवती महिलाओं को बांटी पोषण पोटली

हाजीपुर में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ डीएम ने किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली बांटी गई और कुपोषण मुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई गई।

Hajipur News : जिले में बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया. पुष्करणी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की. राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित वर्चुअल उद्घाटन समारोह का वेबकास्ट के माध्यम से प्रसारण किया गया, जिसमें जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, जीविका समूहों, प्रखंडों, नगर पंचायतों और नगर परिषदों से पदाधिकारी, कर्मी, लाभार्थी एवं आमजन जुड़े.

9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा पोषण माह

राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जा रहा है. इस दौरान जिले में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. अभियान के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक पोषण एवं स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा.

गर्भवती और धात्री महिलाओं को बांटी गयी पोषण पोटली

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के बीच पोषण पोटली का वितरण किया गया. साथ ही बच्चों, किशोरों और महिलाओं को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने की शपथ दिलायी गयी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पोषण माह के दौरान होने वाली गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाये.

पूरे साल जारी रखने होंगे पोषण को लेकर प्रयास

डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह भले ही एक महीने तक चलने वाला अभियान है, लेकिन पोषण के क्षेत्र में किये जा रहे प्रयासों की गति पूरे वर्ष इसी तरह बनाये रखने की आवश्यकता है. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, जीविका सहित सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया.

गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान जरूरी

डीएम ने कहा कि गर्भवती महिलाओं के पोषण और आहार पर विशेष ध्यान देना जरूरी है. इसके साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों को भी उचित पोषण और स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला होती है.

छह माह तक सिर्फ मां का दूध पिलाने की अपील

डीएम ने बच्चों के जीवन के पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए अमृत के समान है. इस संदेश को परिवार और समाज के स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार जागरूकता गतिविधियां चलाने की जरूरत है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >