Hajipur News : वैशाली जिले में घरेलू एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और जमाखोरी व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है. इसी क्रम में सोमवार को सात गैस एजेंसियों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने स्टॉक, वितरण व्यवस्था और रिकॉर्ड की जांच की.
67 गैस एजेंसियों से आठ लाख से अधिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति
जिला आपूर्ति कार्यालय के अनुसार, जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 67 गैस एजेंसियां संचालित हैं. इनके माध्यम से 8,06,738 घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जा रही है. 27 जुलाई 2026 तक एजेंसियों के पास 17,803 घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है.
कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन सतर्क
एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावा वरीय अधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा नियमित रूप से गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है.
तीन मामलों में दर्ज हो चुकी है प्राथमिकी
जिला प्रशासन ने बताया कि जमाखोरी एवं कालाबाजारी के मामलों में अब तक तीन प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं. इनमें दो मामले हाजीपुर अनुमंडल और एक मामला महनार अनुमंडल क्षेत्र से संबंधित है.
हेल्पलाइन पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में हेल्पलाइन नंबर 06224-260233 और 06224-260234 जारी किए गए हैं. एलपीजी आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या सूचना के लिए उपभोक्ता इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
पीएनजी कनेक्शन को भी मिल रहा बढ़ावा
जिला प्रशासन ने बताया कि हाजीपुर नगर परिषद क्षेत्र में एलपीजी पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से उपभोक्ताओं को पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है.
