Vaishali News : जन्माष्टमी के मौके पर गाजीपुर चौक के पास देर रात तेज आवाज में अश्लील गाना बजाना डीजे संचालक और चालक को महंगा पड़ गया. देसरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे ट्रॉली को जब्त कर लिया, जबकि चालक और संचालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. मामले में पुलिस ने जफराबाद निवासी डीजे संचालक सुधांशु कुमार और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
मटका फोड़ कार्यक्रम में जुटी थी भीड़, सड़क भी हो रही थी बाधित
पुलिस सहायक अवर निरीक्षक विद्यानंद यादव ने प्राथमिकी में बताया कि वह पुलिस बल के साथ गाजीपुर चौक पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थे. इसी दौरान जन्माष्टमी के अवसर पर रात करीब 12 बजे मटका फोड़ कार्यक्रम चल रहा था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे और एक पिकअप वाहन को रूपांतरित कर बनाई गई डीजे ट्रॉली से तेज आवाज में अश्लील गाने बजाए जा रहे थे.
कई बार मना किया, फिर भी नहीं माना
पुलिस के अनुसार डीजे संचालक और चालक को कई बार गाना बंद करने तथा आवाज कम करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने निर्देश का पालन नहीं किया. इस दौरान डीजे की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन भी बाधित हो रहा था. स्थिति को देखते हुए थाना से अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी और बल को मौके पर बुलाया गया.
पुलिस पहुंची तो भीड़ का फायदा उठाकर भागने लगे
अतिरिक्त पुलिस बल और पुलिस वाहन को मौके पर पहुंचते देख डीजे पर मौजूद चालक और संचालक भीड़ का सहारा लेकर डीजे ट्रॉली लेकर भागने लगे. पुलिस ने उनका पीछा किया. पुलिस की कार्रवाई को देखते हुए चालक और संचालक डीजे ट्रॉली को छोड़कर मौके से फरार हो गए.
पिकअप को बदलकर बनाई थी डीजे ट्रॉली
पुलिस ने बताया कि टाटा पिकअप वाहन को रूपांतरित कर डीजे ट्रॉली बनाई गई थी. ट्रॉली के अंदर जनरेटर समेत डीजे के अन्य उपकरण लगाए गए थे. पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर डीजे ट्रॉली और उसमें लगे उपकरणों को जब्त कर थाने ले आई.
बिना अनुमति देर रात डीजे बजाने का आरोप
पुलिस के अनुसार बिना अनुज्ञप्ति वाहन को रूपांतरित कर डीजे ट्रॉली बनाना और उसे तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र से लैस कर सार्वजनिक स्थल पर देर रात अश्लील गाने बजाना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है. इसी आरोप में डीजे ट्रॉली संचालक सुधांशु कुमार और चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
कार्रवाई के बाद दूसरे डीजे संचालकों पर भी नजर
देसरी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि सार्वजनिक स्थानों पर देर रात तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने वाले अन्य डीजे संचालकों के खिलाफ भी इसी तरह कार्रवाई होनी चाहिए. लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से आयोजनों के दौरान नियमों की अनदेखी पर रोक लग सकती है.
