Hajipur News : राघोपुर में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 26 से जफराबाद पेठिया तक ऊंची और पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने अनोखा विरोध जताया. जफराबाद पंचायत के दर्जनों ग्रामीण बाढ़ के पानी में खड़े होकर अपनी परेशानी बतायी और जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की.
20-25 हजार लोगों को होगा फायदा
ग्रामीणों ने बताया कि पाया नंबर 26 से जफराबाद पेठिया तक ऊंची सड़क बन जाने से जफराबाद और जहांगीरपुर पंचायत के करीब 20 से 25 हजार लोगों को सालों भर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी. वर्तमान में सड़क की स्थिति और बाढ़ के दौरान जलजमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है.
जफराबाद पंचायत के उप मुखिया भाई अखिलेश कुमार और सरपंच विजय साहब ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से सड़क निर्माण की मांग की. पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम से लेकर इलाज और शिक्षा तक के लिए परेशानी झेलनी पड़ती है.
मरीजों और छात्रों को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि पाया नंबर 26 से जफराबाद पेठिया तक पुल-पुलिया के साथ सड़क का ऊंचीकरण कर दिया जाए तो बाढ़ के दौरान भी आवागमन बाधित नहीं होगा. पटना और हाजीपुर जाने वाले मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचने में मदद मिलेगी. छात्र-छात्राएं आसानी से स्कूल-कॉलेज जा सकेंगे और लोगों को रोजी-रोजगार के लिए आने-जाने में भी सहूलियत होगी.
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बनने से बाढ़ के दिनों में होने वाली परेशानी से भी काफी हद तक निजात मिल सकेगी. प्रदर्शन के दौरान सन्नी कुमार यादव, दिनेश कुमार, देवेंद्र राय, रामप्रवेश राय, रवि कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे.
