Hajipur News : राजापाकर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की प्रखंड इकाई की ओर से राष्ट्रव्यापी पदयात्रा अभियान के तहत शुक्रवार को विभिन्न पंचायतों में पदयात्रा निकाली गई. यह अभियान 6 अगस्त से 15 अगस्त तक चलाया जा रहा है. पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को आगामी एक सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘बदलाव जरूरी है’ ऐतिहासिक रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया.
गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद
भाकपा के अंचल सचिव बिंदेश्वर राय ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 12 वर्षों की मोदी सरकार की नीतियों के कारण देश महंगाई और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक संपत्ति और आम जनता की मेहनत की कमाई को कॉरपोरेट घरानों के हित में इस्तेमाल करने की छूट दी जा रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर गांव-गांव, चौक-चौराहों, शहर के मोहल्लों, गलियों और टोलों में पदयात्रा कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं. उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर रोक लगाने और आम लोगों को राहत देने की मांग की.
कई कार्यकर्ता रहे शामिल
पदयात्रा में भाकपा नेता बिंदेश्वर राय, सुमन कुमार यादव, संतोष कुमार सिंह, देवेंद्र राय, सुरेश राय, सिताब लाल राय, शिवकुमार पासवान, प्रह्लाद पासवान, जगन्नाथ सिंह और सकलदेव सिंह समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे.
