Chirag Paswan : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति के बीच केंद्रीय मंत्री सह हाजीपुर सांसद चिराग पासवान शुक्रवार को वैशाली के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे. उन्होंने बोट से सरायपुर पंचायत के सुदूर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और करीब 1,000 परिवारों के बीच सूखा राशन एवं आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली.
बाढ़ पीड़ितों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
केंद्रीय मंत्री ने प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं. उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया.
जिला प्रशासन की ओर से केंद्रीय मंत्री को जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति और प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी गयी. अधिकारियों ने नावों के परिचालन, सामुदायिक रसोई और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था से भी अवगत कराया.
राहत शिविर और सामुदायिक रसोई का किया निरीक्षण
सरायपुर से लौटने के बाद चिराग पासवान ने गंगाब्रिज थाना के समीप संचालित सामुदायिक रसोई केंद्र और राहत शिविर का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
बाढ़ पीड़ित बच्चों के साथ बैठकर खाया खाना
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ प्रभावित बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया. उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका हाल जाना और उनकी परेशानियों के बारे में जानकारी ली. इस दौरान राहत शिविर में मौजूद लोगों से भी उन्होंने व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली.
प्रशासन राहत कार्यों की कर रहा निगरानी
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है. प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने, सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराने और सुरक्षित आवागमन के लिए नावों के परिचालन समेत जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.
इस दौरान बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, एमएलसी असरफ अंसारी, जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
