flood in Hajipur : हाजीपुर में एक तरफ बाढ़ का पानी आम लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है, तो दूसरी तरफ बच्चों के लिए यही पानी मस्ती का मैदान बन गया है. तस्वीर हाजीपुर के कौनहारा बाइपास स्थित डीआरसीसी जाने वाली सड़क की है, जहां करीब छह फीट पानी जमा है. इसी पानी में बच्चे बेखौफ होकर स्विमिंग पूल की तरह छलांग लगा रहे हैं. कोई डुबकी लगा रहा है, तो कोई दोस्तों के साथ उछल-कूद कर मस्ती कर रहा है. बाढ़ के बीच बच्चों का यह बेफिक्र बचपन तस्वीर को खास बना रहा है.
मस्ती के बीच छिपा है बड़ा खतरा
बच्चों की यह मस्ती हालांकि बेहद खतरनाक साबित हो सकती है. बाढ़ के पानी के नीचे गड्ढे, तेज बहाव और अन्य खतरे दिखाई नहीं देते. ऐसे में बच्चों की एक छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को बाढ़ के पानी में जाने से रोकें और उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें.
