Road accident in Hajipur : हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग पर लिट्टी चोखा चौक के पास मंगलवार की देर रात तेज रफ्तार कार ने पिकअप वैन में जोरदार टक्कर मार दी. भीषण हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये.
नानी के घर से लौट रहा था युवक
घायल की पहचान सराय थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी मनोज राय के पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रोशन कुमार अपनी नानी के घर सैदपुर रजौली से अपने घर सराय मंसूरपुर लौट रहा था. इसी दौरान लिट्टी चोखा चौक के पास उसकी कार पिकअप वैन से टकरा गयी.
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने घायल चालक को कार से निकालने में मदद की.
पुलिस ने दोनों वाहन किये जब्त
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने की गश्ती में तैनात पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल रोशन कुमार को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और पिकअप वैन को जब्त कर लिया है. घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने कहा, मामले की जांच जारी
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि कार और पिकअप की टक्कर की सूचना मिलते ही पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया था. दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है.
