Hajipur Crime News : लालगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर कासिम गांव में मकई के बाल के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया. मारपीट की घटना में महिला और नाबालिग बच्चे समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है.
बथान में बैठे परिवार पर किया हमला
पीड़ित ललन सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपनी मां गिरिजा देवी, पत्नी खुशबू देवी और चार बच्चों के साथ बथान में बैठे थे. इसी दौरान उनके बड़े भाई सोनेलाल सिंह, उनकी पत्नी रूपा देवी, पुत्र अविनाश कुमार और साला सुबोध कुमार सिंह वहां पहुंचे. मकई के बाल के बंटवारे को लेकर गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी.
लोहे की रॉड से सिर पर किया वार
आवेदन के अनुसार, सोनेलाल सिंह ने लोहे की रॉड से जान से मारने की नीयत से ललन सिंह के सिर पर वार कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची मां गिरिजा देवी के बाएं हाथ पर भी लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गईं. वहीं सोनेलाल सिंह और उनकी पत्नी रूपा देवी पर ललन सिंह की पत्नी खुशबू देवी के साथ मारपीट करने का आरोप है.
सोने के गहने छीनने का भी आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी पत्नी की नाक की सोने की नथिया, कान का झुमका और गले का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया. इसके अलावा आरोपियों ने दरवाजे पर खड़ी बाइक में लोहे की रॉड से तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया.
डायल 112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद परिवार के लोग भयभीत हैं और उन्हें दोबारा हमला किए जाने की आशंका है. घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया. पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
