Gandhi Setu boat accident : महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 09 के पास मंगलवार को बाढ़ के पानी में एक नाव बोल्डर से टकराने के बाद डूब गई. नाव पर करीब 11 लोग सवार थे. हादसे के बाद 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है और एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है. घटना गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र की है.
बोल्डर से टकराई नाव, देखते ही देखते डूब गई
बताया जा रहा है कि नाव तेरसिया दियारा इलाके की ओर से महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 09 के पास से गुजर रही थी. इसी दौरान बाढ़ के पानी में नाव एक बोल्डर से टकरा गई. टक्कर के बाद नाव का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही देर में वह पानी में डूब गई.
नाव डूबते ही मची अफरा-तफरी
नाव के अचानक डूबने से उस पर सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और बाढ़ के पानी में राहत-बचाव के साथ लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी.
स्थानीय लोगों ने एक शव किया बरामद
स्थानीय लोगों द्वारा अपने स्तर से चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान एक शव पानी से बाहर निकाला गया. शव की पहचान चंदन के रूप में बताई गई है. वहीं प्रशासन के अनुसार एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है.
बचाव के दौरान एक व्यक्ति को सांप ने डसा
बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति को सांप ने डस लिया. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए और लापता व्यक्ति के सुरक्षित मिलने का इंतजार करते रहे.
NDRF और SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया. NDRF और SDRF की टीम के साथ स्थानीय थाना पुलिस और अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद लापता व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन तेज किया गया.
DM और SP भी मौके पर पहुंचे
वैशाली डीएम वर्षा सिंह और एसपी शुभांक मिश्रा समेत अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन की निगरानी की. डीएम वर्षा सिंह के अनुसार नाव पर 11 लोग सवार थे, जिनमें से 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति लापता है. वहीं स्थानीय स्तर पर एक शव बरामद किया गया है.
एक लापता व्यक्ति की तलाश जारी
फिलहाल प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं. बाढ़ के पानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहने के कारण तेरसिया दियारा और महात्मा गांधी सेतु के आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है.
Also read : हाजीपुर में नाव हादसा: बोल्डर से टकराकर बाढ़ के पानी में डूबी नाव, 3 लोग लापता; 7 को बचाया गया
