हाजीपुर से अभिषेक शाश्वत की रिपोर्ट Hajipur Crime News : काजीपुर थाना क्षेत्र के हरौली बुढ़िया माई मंदिर के पास मंगलवार की शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया. घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई है. गोली से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
कंधों में लगी गोली, बेहोश होकर नीचे गिरे
घायल युवक की पहचान करताहा थाना क्षेत्र के घटारो गांव निवासी नंदकिशोर महतो के 23 वर्षीय पुत्र विक्रम कुमार के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार विक्रम कुमार मंगलवार की शाम अपने घर घटारो से हरौली किसी काम जा रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी. गोली विक्रम के दाहिने हाथ के कंधों में जा लगी. इसके बाद विक्रम बेहोश होकर बाइक से नीचे गिर गया.
लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गए. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया एवं घटना की जानकारी डायल 112 एवं सदर थाने की पुलिस को दी.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एवं विक्रम की पत्नी अपने मायके बलुआ कोआरी से सदर अस्पताल पहुंची. नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. वही सदर अस्पताल के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया. इस संबंध में घायल युवक के पत्नी एवं परिजन घटना के बारे में कुछ विशेष जानकारी नहीं दी.
पुलिस मामले की जांच कर रही
वही इस संबंध में काजीपुर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि एक युवक को गोली मारने की सूचना मिली है. घायल को सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया है. पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
