Bihar Liquor Ban: वैशाली जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए शनिवार को उत्पाद विभाग और पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया. महुआ थाना क्षेत्र में ब्रेथलाइजर जांच के दौरान 11 लोगों को शराब के सेवन की पुष्टि होने पर गिरफ्तार किया गया. वहीं वैशाली थाना क्षेत्र में एक लावारिस बाइक की डिक्की से 1.98 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई.
महुआ में ब्रेथलाइजर जांच, 11 लोग गिरफ्तार
महुआ थाना क्षेत्र के देसरी रोड स्थित उच्च विद्यालय मिर्जानगर के पास उत्पाद पुलिस इंस्पेक्टर शंभू कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. उत्पाद अवर निरीक्षक संतोष कुमार और पुलिस बल ने कई बाइक चालकों एवं संदिग्ध लोगों की ब्रेथलाइजर मशीन से जांच की.
जांच के दौरान 11 लोगों में शराब पीने की पुष्टि हुई, जिन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए हाजीपुर उत्पाद विभाग ले जाया गया.
जांच अभियान से मचा हड़कंप
पुलिस की सघन जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया. कई लोगों ने जांच से बचने के लिए रास्ता बदल लिया.
वैशाली में बाइक की डिक्की से 1.98 लीटर शराब बरामद
दूसरी ओर वैशाली थाना क्षेत्र के मंसुरपुर चौक स्थित आरा मिल के समीप संध्या गश्ती के दौरान पुलिस ने एक बाइक की डिक्की से 1.98 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की.
पुलिस के अनुसार गश्ती वाहन को देखकर एक युवक बाइक छोड़कर भागने लगा. पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.
ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 11 टेट्रा पैक मिले
बाइक की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 11 टेट्रा पैक मिले, जिनकी कुल मात्रा 1.98 लीटर थी. पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त कर थाना लाया.
आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन के मामले में फरार आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
