Vaishali Daroga Suicide: बिहार के वैशाली जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक दारोगा ने अपने ही सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जांच में मामला निजी संबंधों और पारिवारिक तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है.
कमरे में खुद को बंद कर उठाया आत्मघाती कदम
घटना सोमवार शाम की है. जढुआ ओपी प्रभारी और 2019 बैच के सब-इंस्पेक्टर कौशल किशोर कुमार ने हाजीपुर स्थित अपने किराए के कमरे में यह आत्मघाती कदम उठाया. पुलिस के मुताबिक, दारोगा ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फिर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मार ली. गोली सिर के एक तरफ से आर-पार निकल गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
SP ने क्या कहा?
वैशाली एसपी ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था और दारोगा खून से लथपथ पड़े थे. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
हाल ही में हुआ था ट्रांसफर
कौशल किशोर कुमार मूल रूप से खगड़िया जिले के रहने वाले थे. उनकी पहली पोस्टिंग बिदुपुर थाने में हुई थी. करीब तीन साल बाद उनका ट्रांसफर नगर थाना किया गया, जहां उन्हें जढुआ ओपी का प्रभारी बनाया गया. उन्होंने 10 मार्च को ही नया प्रभार संभाला था.
प्रेम संबंध बना मौत की वजह?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि दारोगा का एक महिला कॉन्स्टेबल से पहले से संबंध था. नवंबर 2025 में शादी के बाद भी यह रिश्ता खत्म नहीं हुआ. बताया जा रहा है कि महिला कॉन्स्टेबल दारोगा पर पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था.
परिवार में भी बढ़ रहा था तनाव
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दरोगा अपनी पत्नी और मां के साथ नहीं रहना चाहते थे, जबकि पत्नी साथ रहने की जिद कर रही थी. इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे. कुछ दिन पहले दारोगा की मां भी गांव से आई थीं और समझाने की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बनी.
मां के लौटने के कुछ घंटे बाद उठाया कदम
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह काफी समझाने के बाद दारोगा की मां वापस गांव लौट गईं. इसके कुछ ही घंटों बाद शाम में दरोगा ने यह खौफनाक कदम उठा लिया. घटना के समय उनकी पत्नी घर में ही मौजूद थी.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. आत्महत्या के पीछे असल वजह क्या है, इसे लेकर हर एंगल से पड़ताल की जा रही है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है.
Also Read: वैशाली में दारोगा ने खुद को मारी गोली, किराए के कमरे में सर्विस रिवॉल्वर से की आत्महत्या
