National Nutrition Month: बिदुपुर प्रखंड के चकसिकंदर कल्याणपुर पंचायत अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र चकजैनब, केंद्र संख्या-20 पर गोदभराई रस्म का आयोजन किया गया. आंगनबाड़ी सेविका सविता कुमारी ने केंद्र को गुब्बारों, फूलों और हरे-भरे पौधों से आकर्षक ढंग से सजाया. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों का स्टॉल भी लगाया गया.
पोषण सामग्री से की गयी गोदभराई
कार्यक्रम में गर्भवती महिला मुस्कान कुमारी, पति मोहित कुमार की गोदभराई की रस्म पूरी की गयी. महिला को चुनरी ओढ़ाकर पोषण से भरपूर थाल से गोदभराई की गयी. थाल में चावल, हल्दी, दूब, सिंदूर, बिंदी, नारियल, केला, सेब, हरी पत्तेदार सब्जियां, फूल और पैसे समेत अन्य सामग्री रखी गयी थी.
स्टॉल पर अंकुरित चना, गुड़, दूध और विभिन्न प्रकार की दाल समेत कई पौष्टिक खाद्य पदार्थ प्रदर्शित किये गये. उपस्थित लोगों को इन खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी भी दी गयी.
गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार लेने की सलाह
आंगनबाड़ी सेविका सविता कुमारी ने गर्भवती महिला और उनके परिजनों को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, दाल, चना, अंकुरित अनाज, दूध व दूध से बने खाद्य पदार्थ, अंडा समेत स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए.
उन्होंने पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीने और भोजन में विविधता रखने पर भी जोर दिया.
आयरन-फोलिक एसिड और कैल्शियम के सेवन की दी जानकारी
महिलाओं को आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) और कैल्शियम की गोलियों का नियमित सेवन करने की जानकारी दी गयी. इसके साथ ही गर्भावस्था के दौरान रहन-सहन, उठने-बैठने, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्याप्त आराम से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी गयी.
महिलाओं को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया.
मां के साथ गर्भस्थ शिशु के विकास के लिए भी जरूरी है पोषण
कार्यक्रम में बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान मां का सही खान-पान केवल उसके स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि गर्भस्थ शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भी जरूरी है. इसमें परिवार के सदस्यों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है.
महिलाओं को बताया गया कि सही पोषण स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे की मजबूत नींव है. परिवार और समुदाय में पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है.
9 सितंबर से मनाया जायेगा राष्ट्रीय पोषण माह
सेविका सविता कुमारी ने बताया कि नौ सितंबर से नौवां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जायेगा, जो एक माह तक चलेगा. इस दौरान गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जायेंगी.
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया और विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन कर उनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गयी.
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका सविता कुमारी यादव, सहायिका प्रीति कुमारी, कुणाल किशोर, अनीता देवी, अशर्फी देवी, चंदा देवी समेत कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.
