वैशाली में नशे में धुत दारोगा पर आर्मी जवान पर फायरिंग का आरोप, सर्विस रिवॉल्वर और शराब की बोतल बरामद

Hajipur police misconduct : वैशाली जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक पुलिस अधिकारी पर आर्मी जवान पर फायरिंग करने का आरोप लगा है. इस घटना में जवान की आंख गंभीर रूप से घायल हो गई.

Hajipur police misconduct : वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर सोमवार तड़के एक पुलिस अधिकारी पर नशे की हालत में आर्मी जवान पर फायरिंग करने का आरोप लगा है. घटना में गोली जवान को नहीं लगी, लेकिन बारूद के छींटों से उसकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस ने आरोपी दारोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

सड़क दुर्घटना के बाद मांगी थी मदद

जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के बांथू गांव के पास सुबह करीब चार बजे पुलिस का स्टीकर लगी एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. कार में सवार व्यक्ति ने पास के एक घर का दरवाजा खटखटाकर मदद मांगी. परिजनों ने उसकी मदद की, लेकिन आरोप है कि इसके बाद वह व्यक्ति नशे की हालत में अभद्रता और गाली-गलौज करने लगा.

विरोध करने पर फायरिंग का आरोप

मौके पर मौजूद आर्मी जवान रजनीश ने जब कथित अभद्र व्यवहार का विरोध किया तो आरोपी दारोगा ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग कर दी. हालांकि गोली जवान को नहीं लगी, लेकिन बारूद के छींटों से उसकी आंख घायल हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

सर्विस रिवॉल्वर और शराब की बोतल बरामद

घटना की सूचना मिलने पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी की गाड़ी से सर्विस रिवॉल्वर और शराब की एक बोतल बरामद की. इसके बाद आरोपी दारोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.

फारबिसगंज में पदस्थापित बताया जा रहा दारोगा

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी दारोगा की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो फारबिसगंज में पदस्थापित बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि वह अपनी निजी कार से कहीं लौट रहे थे. हालांकि, इस संबंध में स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

मामले की जांच जारी

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई. जांच और चिकित्सीय परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Kumar

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >