Hajipur News : राघोपुर गंगा के जलस्तर में कमी के बावजूद राघोपुर प्रखंड के निचले इलाकों में बाढ़ की परेशानी कम नहीं हुई है. शुक्रवार को वरीय अधिकारियों की टीम ने बाढ़ प्रभावित पंचायतों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान पाया गया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 29 के पास तेज बहाव के कारण सड़क कट गयी है. इससे लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है और कई ग्रामीण जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टर के सहारे आवाजाही करने को मजबूर हैं.
बाढ़ में घिरे लोगों से मिले अधिकारी
आपदा एडीएम आरडी राम, आपदा सहायक प्रभारी पदाधिकारी आकाश कुमार और राघोपुर अंचलाधिकारी राजीव रंजन चौधरी की टीम शुक्रवार को प्रखंड पहुंची. अधिकारियों ने सबसे पहले रुस्तमपुर पंचायत के हेतमपुर गांव का दौरा किया और बाढ़ के पानी से घिरे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.
इसके बाद टीम कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 27, 28 और 29 समेत अन्य प्रभावित इलाकों में पहुंची. अधिकारियों ने मौके पर जलस्तर और कटाव की स्थिति का जायजा लिया.
तेज बहाव से कटी सड़क, आवागमन मुश्किल
पाया नंबर 29 के पास बाढ़ के पानी के तेज बहाव के कारण सड़क कट गयी है. इससे आसपास के लोगों का आवागमन प्रभावित है. ग्रामीणों ने बताया कि सिक्स लेन पुल के निर्माण के कारण जाफराबाद और जहांगीरपुर की ओर जाने में पहले से परेशानी हो रही है. अब बाढ़ के पानी ने मुश्किल और बढ़ा दी है.
कई लोग पानी के बीच ट्रैक्टर पर बैठकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि आवागमन के साथ-साथ पेयजल, बिजली और मवेशियों के चारे की समस्या भी गंभीर बनी हुई है.
अधिकारियों को बतायीं बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं
ग्रामीणों ने अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया.
अंचलाधिकारी राजीव रंजन चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जायेगी. ग्रामीणों की समस्याओं से जिला प्रशासन को भी अवगत कराया जायेगा.
अभी टला नहीं है बाढ़ का खतरा
सीओ ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि बाढ़ का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है. सरकार और जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों को मिलने वाली सभी सरकारी सहायता उपलब्ध करायी जायेगी.
पानी घटा, लेकिन निचले इलाकों में अब भी परेशानी
पिछले दो-तीन दिनों में गंगा के जलस्तर में कमी आयी है. इसके कारण राघोपुर के कई इलाकों में पानी घटा है. हालांकि प्रखंड के निचले इलाके अब भी बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं. पिछले दो दिनों से जलस्तर लगभग स्थिर था, लेकिन शुक्रवार सुबह से पानी में कमी देखी गयी.
फिलहाल अंचल प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में नावों का परिचालन कराया जा रहा है, ताकि लोगों की आवाजाही जारी रहे. हालांकि ग्रामीणों के अनुसार अभी तक किसी गांव में सूखा राशन और पॉलीथिन शीट का वितरण नहीं किया गया है.
