हाजीपुर: महनार में पुलिस की गाड़ी से आरोपी को छुड़ाने का आरोप, चौकीदार के बेटे को मारी गोली

महनार में पुलिस की गाड़ी से आरोपी को जबरन छुड़ाया गया। इसके बाद दबंगों ने चौकीदार के घर पर फायरिंग की, जिसमें एक युवक घायल हो गया। पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल।

Hajipur Crime News : महनार थाना क्षेत्र के देशराजपुर बजरंगबली चौक के पास बुधवार को हुई घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि पुलिस हिरासत में लिए गए एक आरोपी को कुछ लोग पुलिस की गाड़ी से जबरन उतारकर अपने साथ ले गए. इसके बाद चौकीदार के घर पर चढ़कर मारपीट और फायरिंग की गई, जिसमें महनार थाना के चौकीदार उमेश सिंह के पुत्र संतोष कुमार गोली लगने से घायल हो गए.

गोली जांघ को छूकर निकली, अस्पताल में कराया भर्ती

घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में संतोष कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार में भर्ती कराया. वहां डॉ. अंकित कुमार ने प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक के अनुसार गोली संतोष की जांघ के पास से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हुए हैं.

सुबह मारपीट के बाद शाम में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

जख्मी संतोष कुमार के अनुसार पुराने विवाद को लेकर बुधवार सुबह सुरेंद्र सिंह के पुत्र अमित उर्फ गोप और उसके भाइयों ने उनके भाई के साथ दरवाजे पर चढ़कर मारपीट की थी. घटना के बाद संतोष काम पर चले गए. शाम में लौटने पर उन्होंने देखा कि मारपीट के एक आरोपी को पुलिस अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जा रही थी.

पुलिस की गाड़ी घेरकर आरोपी को छुड़ाने का आरोप

संतोष का आरोप है कि इसी दौरान अमित गोप समेत अन्य लोगों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और आरोपी को जबरन नीचे उतार लिया. इसके बाद धक्का-मुक्की करते हुए उसे अपने साथ ले गए. आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में आरोपी को इस तरह छुड़ाने की घटना हुई.

घर पर दोबारा पहुंचे, विरोध पर की फायरिंग

संतोष के मुताबिक पुलिस की गाड़ी से आरोपी को छुड़ाने के बाद वही लोग दोबारा उनके दरवाजे पर पहुंचे और मारपीट करने लगे. विरोध करने पर उन्हें खदेड़ा गया. इसी दौरान भागते हुए आरोपित ने कथित तौर पर चार-पांच राउंड फायरिंग की. फायरिंग के दौरान एक गोली संतोष की जांघ को छूकर निकल गई.

सूखा नशे के कारोबार से जुड़े होने का लगाया आरोप

जख्मी संतोष कुमार ने घटना के पीछे सूखा नशे के कारोबार से जुड़े लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि आरोपित क्षेत्र में सूखा नशे का कारोबार करता है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

पुलिस हिरासत से आरोपी छुड़ाने के आरोप से उठे सवाल

पूरे मामले में सबसे गंभीर आरोप पुलिस हिरासत से आरोपी को जबरन छुड़ाने का है. यदि पुलिस ने किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया था, तो पुलिस की मौजूदगी में उसे जबरन कैसे छुड़ा लिया गया, यह बड़ा सवाल है. आरोप सही पाए जाने पर यह पुलिस की कार्यशैली और इलाके की कानून-व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

एसडीपीओ ने बैठक के बाद जानकारी देने की कही बात

मामले को लेकर महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि वह फिलहाल हाजीपुर में बैठक में हैं. बैठक समाप्त होने के बाद घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देने की बात उन्होंने कही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >