Gopalganj News: उचकागांव प्रखंड के बलेसरा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गोपालगंज में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने 'नशा मुक्त भारत' की शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया.
नशे के दुष्प्रभावों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल असर तथा पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर इसके नकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. वक्ताओं ने बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा इससे दूर रहना ही बेहतर भविष्य की कुंजी है.
प्राचार्य ने युवाओं से किया जागरूक बनने का आह्वान
विद्यालय के प्राचार्य सुधाकर शुक्ला ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार व समाज को भी नशा मुक्ति अभियान से जोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि युवा वर्ग यदि नशे से दूर रहेगा, तभी विकसित और सशक्त भारत का निर्माण संभव हो सकेगा.
विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
इतिहास शिक्षक विजयानंद ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई, जबकि कार्यक्रम का संचालन कला शिक्षक डॉ. संतोष कुमार ने किया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना था.
कार्यक्रम में उप प्राचार्य सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को दी जीत की बधाई, 1995 के बाद पहली बार बांकीपुर में हारी बीजेपी
