Youth missing in Gandak river: मांझा थाना क्षेत्र के बलुही बाजार स्थित गंडक सोता पुल के समीप शनिवार की शाम भैंस चराकर घर लौट रहा एक युवक नदी की तेज धार में बह गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू कराई. जिलाधिकारी समीर सौरभ के निर्देश पर SDRF की टीम को भी मौके पर भेजा गया है, जो नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है.
मांझा थाना क्षेत्र के भैसही गांव निवासी 32 वर्षीय चिंकू यादव शनिवार की शाम भैंस चराकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान गंडक सोता पुल के समीप नदी की तेज धार की चपेट में आने से वह बह गए. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर और किनारे-किनारे काफी खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही सीओ शंमा प्रवीण और थानाध्यक्ष निरंजन कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर SDRF की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया. टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. प्रशासन की ओर से बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है.
नदी किनारे जुटे ग्रामीण, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक के नदी में बहने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गंडक नदी के किनारे पहुंच गए. लोग अपने स्तर से भी युवक की तलाश में जुटे रहे. देर तक नदी के आसपास ग्रामीणों की भीड़ लगी रही.
चिंकू यादव के लापता होने की खबर से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोग लगातार युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं.
पति के लौटने की उम्मीद में अपलक राह देख रही किरण देवी
चिंकू यादव तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर हैं. उनके एक भाई की पूर्व में ही मौत हो चुकी है. चिंकू यादव के दो बच्चे हैं. पति के नदी में बह जाने की खबर मिलने के बाद पत्नी किरण देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वह पति के सकुशल लौटने की उम्मीद में अपलक उनकी राह देख रही हैं.
परिजनों की निगाहें लगातार नदी की ओर टिकी हुई हैं. SDRF की टीम युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है और प्रशासन की ओर से अभियान की निगरानी की जा रही है.
