Gopalganj News : उचकागांव थाना क्षेत्र के एकडेरवा गांव में शनिवार को एक युवती का शव उसके मकान के बरामदे में फंदे से लटका मिला. मृतका की पहचान एकडेरवा गांव निवासी राम नरेश प्रसाद की पुत्री मधु कुमारी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
फरवरी में तय हुई थी युवती की शादी
परिजनों के अनुसार, मधु कुमारी की शादी अगले वर्ष 11 फरवरी को तय हुई थी. पिता राम नरेश प्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी अभी पढ़ाई जारी रखना चाहती थी और फिलहाल शादी के लिए तैयार नहीं थी. उन्होंने बताया कि करीब दो साल बाद वह नौकरी से सेवानिवृत्त होने वाले हैं. साथ ही उनकी तबीयत भी ठीक नहीं रहती है. इसी कारण वह बेटी की शादी जल्द करना चाहते थे.
पढ़ाई जारी रखने को लेकर थी परेशान
पिता के अनुसार, मधु पढ़ाई करना चाहती थी और अभी शादी नहीं करना चाहती थी. इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान थी. हालांकि, उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा कारण
घटना की सूचना मिलने के बाद उचकागांव पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
