Raksha Bandhan Festival: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से शनिवार को थावे में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. इस दौरान स्वयंसेवकों ने एक-दूसरे की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया.
रक्षाबंधन के सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व पर दिया संदेश
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं बौद्धिककर्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक, उत्तर बिहार प्रवीर जी ने रक्षाबंधन पर्व के सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति और परंपरा में केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में परस्पर विश्वास, सहयोग, सुरक्षा और आत्मीयता की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है.
उन्होंने कहा कि रक्षा सूत्र एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य का बोध कराता है.
सामाजिक एकता को बताया राष्ट्र की ताकत
प्रवीर जी ने कहा कि भारतीय समाज की शक्ति उसकी सामाजिक एकता और विविधता में निहित है. समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और आपसी भेदभाव को दूर करने की आवश्यकता है. जब समाज एकजुट और संगठित रहेगा, तभी राष्ट्र भी मजबूत और सशक्त बनेगा.
उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया.
पर्व-त्योहारों से मजबूत होते हैं जीवन मूल्य
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व-त्योहारों की परंपरा का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं रहा है. इनके माध्यम से समाज को जोड़ने और जीवन मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास भी किया जाता रहा है. रक्षाबंधन भी इसी सामाजिक एकता और आपसी आत्मीयता का संदेश देता है.
स्वयंसेवकों ने एक-दूसरे को बांधा रक्षा सूत्र
उत्सव के दौरान स्वयंसेवकों ने एक-दूसरे की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प लिया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने रक्षाबंधन के संदेश को समाज में आगे बढ़ाने की बात कही.
बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में संघचालक अशोक, जिला कार्यवाह हेमंत, जिला प्रचारक जितेश कुमार, खंड कार्यवाह थावे मुन्ना तिवारी, कार्यालय प्रमुख आनंद मोहन पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गिरी, भानु श्रीवास्तव, मनीष गुप्ता, सानू सिंह, राम प्रवेश पुरी और राकेश कुमार सहित संघ के सैकड़ों स्वयंसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
