Gopalganj News : जिले के मॉडल सदर अस्पताल में बेटी के जन्म पर एक परिवार ने ऐसा जश्न मनाया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया. नगर थाना क्षेत्र के फतहा गांव निवासी राहुल कुमार की पत्नी मनिसा देवी ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया. नवजात के जन्म की सूचना मिलते ही परिवार ने उसे लक्ष्मी का स्वरूप मानते हुए खुशी को अनोखे अंदाज में मनाने का फैसला किया.
फूलों और गुब्बारों से सजाई गाड़ी, लिखा- 'बेटी हुई है'
नवजात के स्वागत के लिए परिजनों ने अपनी गाड़ी को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया. इतना ही नहीं, गाड़ी पर बड़े अक्षरों में 'बेटी हुई है' लिखवाकर अपनी खुशी का इजहार किया. अस्पताल परिसर से लेकर गांव तक इस अनोखे जश्न की चर्चा होती रही. वहां मौजूद लोगों ने परिवार की इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया.
'बेटियां किसी से कम नहीं', परिवार ने दिया सकारात्मक संदेश
परिवार के सदस्यों ने बेटी के जन्म को लक्ष्मी के आगमन के रूप में मनाते हुए कहा कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं. उनका कहना था कि बेटी के जन्म का उत्सव मनाने से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और उन्हें समान सम्मान देने का संदेश मिलता है.
लोग बोले- समाज के लिए बनी प्रेरणा
स्थानीय लोगों ने कहा कि आज भी कई स्थानों पर बेटी के जन्म को लेकर नकारात्मक सोच देखने को मिलती है. ऐसे समय में इस परिवार ने बेटी के जन्म का खुले दिल से स्वागत कर समाज के सामने एक नई मिसाल पेश की है. लोगों का मानना है कि इस तरह की पहल बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने का भी काम करती है.
Also Read : गुरु पूर्णिमा पर सिमरिया धाम पहुंचे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, गंगा स्नान कर की पूजा-अर्चना
