गोपालगंज के भोरे में दो ट्रैक्टरों की ओवरटेकिंग करना पड़ा भारी, भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत, चालक फरार

भोरे थाना क्षेत्र के रामपुर चकरवा गांव के पास दो ट्रैक्टरों की ओवरटेकिंग के दौरान हुई दर्दनाक दुर्घटना में भाजपा बूथ अध्यक्ष संजय तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है.

BJP leader's death: भोरे थाना क्षेत्र के रामपुर चकरवा गांव के समीप सोमवार को दो ट्रैक्टरों के बीच आगे निकलने की होड़ एक बाइक सवार की जान पर भारी पड़ गयी. तेज रफ्तार में दौड़ रहे ट्रैक्टरों में से एक की चपेट में आने से 52 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान जगतौली ओपी क्षेत्र के कोरेया दीक्षित गांव निवासी भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता व बूथ अध्यक्ष संजय तिवारी के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये.

दो ट्रैक्टरों में आगे निकलने की लगी थी होड़

मिली जानकारी के अनुसार, कोरेया दीक्षित निवासी संजय तिवारी, पिता राम तपस्या तिवारी, पल्सर बाइक से भोरे बाजार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान भोरे-लामीचौर मुख्य पथ पर रामपुर गांव के समीप एक ही दिशा से आ रहे दो ट्रैक्टरों के चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे. दोनों ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चल रहे थे.

इसी दौरान एक ट्रैक्टर की चपेट में संजय तिवारी की बाइक आ गयी. हादसा इतना गंभीर था कि संजय तिवारी की मौके पर ही मौत हो गयी.

हादसे के बाद ट्रैक्टर छोड़कर फरार हुआ चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर डूमर नरेंद्र स्थित एक ईंट भट्ठे का बताया जा रहा है. हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर को घटनास्थल पर ही छोड़कर दूसरे ट्रैक्टर पर सवार होकर फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलने के बाद भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

मूल रूप से सीवान के रहने वाले थे संजय तिवारी

मृतक संजय तिवारी मूल रूप से सीवान जिले के बेलौड़ी गांव के निवासी थे. वर्तमान में वह जगतौली ओपी क्षेत्र के कोरेया दीक्षित गांव में नवरसा पर रह रहे थे. वह भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष थे.

मृतक संजय तिवारी

उनकी मौत की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी. भाजपा नेता अरविंद सिंह, रत्नेश राय, संतोष सिंह, रविकांत पांडेय समेत कई स्थानीय नेताओं ने संजय तिवारी के निधन पर शोक जताया और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी.

बेलगाम ट्रैक्टरों पर रोक लगाने की मांग

हादसे की सूचना मिलते ही जगतौली पंचायत के मुखिया पिंकल साह, पंचायत समिति सदस्य सोनू लाल श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार और बेलगाम तरीके से चलने वाले ट्रैक्टरों पर रोक लगाने की मांग की.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने, मामले में उचित कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

इसे भी पढ़ें:  बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुरेश राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >