Gopalganj News : उचकागांव प्रखंड की त्रिलोकपुर पंचायत में विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को गति देने के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पंचायत क्षेत्र में जी राम जी योजना के तहत लगाये गये पौधों की देखरेख, रखरखाव और उनकी वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गयी. इस दौरान पौधों की मैदानी स्थिति की भी जांच की गयी.
कई जगह पौधे सूखने और रखरखाव में लापरवाही मिली
समीक्षा के दौरान पंचायत के विभिन्न हिस्सों में रोपे गये पौधों की स्थिति की जानकारी ली गयी. संबंधित वन पोषकों से पौधों की सुरक्षा और वृद्धि को लेकर भी जानकारी हासिल की गयी. इस दौरान कुछ स्थानों पर पौधों के सूखने और उनके उचित रखरखाव नहीं होने की बात सामने आयी.
स्थिति सामने आने के बाद पंचायत के मुखिया सुरेंद्र राम ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये. उन्होंने कहा कि पौधों की नियमित देखरेख में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
सूखे पौधों की जगह तुरंत लगेंगे नये पौधे
मुखिया ने निर्देश दिया कि पंचायत क्षेत्र में जहां भी रोपे गये पौधे सूख गये हैं या क्षतिग्रस्त हो गये हैं, वहां तत्काल नये पौधे लगाये जायें. साथ ही पौधों की नियमित सिंचाई और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.
उन्होंने कहा कि पौधरोपण के बाद उसकी देखरेख भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. केवल पौधे लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जीवित रखने की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए.
लापरवाही पर वन पोषक के मानदेय से कटेगा खर्च
मुखिया सुरेंद्र राम ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पर्यावरण संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई वन पोषक अपनी जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही करता है, तो सूखे पौधों के स्थान पर नये पौधे लगाने में होने वाला खर्च संबंधित वन पोषक के मानदेय से काटा जायेगा.
पंचायत को हरा-भरा बनाने का दिलाया संकल्प
बैठक के अंत में सभी कर्मियों को पंचायत को हरा-भरा बनाने और सरकारी योजनाओं को धरातल पर पूरी ईमानदारी के साथ लागू करने का संकल्प दिलाया गया. मौके पर अरुण कुमार, संध्या देवी, अयतुत नेशा, जमिला खातून, प्रियंका देवी, मुला खातून, पिंकी देवी, उमा कुशवाहा, रीता देवी, बबिता देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
