Gopalganj News: गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के मांझा वृत्ति टोला गांव में रात के समय सो रही 15 वर्षीय किशोरी को सांप ने डस लिया. घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. गंभीर हालत में किशोरी को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है.
रात में सोते समय सांप ने डसा
अस्पताल में भर्ती किशोरी की पहचान अयोध्या महतो की 15 वर्षीय पुत्री किरण कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि किरण रात में अपने घर में सो रही थी. इसी दौरान अचानक सांप ने उसे डस लिया. कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गई.
समय पर अस्पताल पहुंचने से मिली राहत
परिजनों ने बिना देर किए किशोरी को सदर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद तत्काल इलाज शुरू किया. चिकित्सकों के अनुसार अब तक बच्ची को 10 एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन दिए जा चुके हैं.
डॉक्टरों ने क्या बताया
डॉक्टरों ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण इलाज में काफी मदद मिली. फिलहाल किशोरी की हालत स्थिर है, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. डॉक्टर लगातार उसके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं.
