गोपालगंज: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत शिक्षकों के समायोजन (समानुपातीकरण), पारस्परिक स्थानांतरण और सामान्य स्थानांतरण की विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है.
समय-सारिणी जारी होने के साथ ही गोपालगंज जिले के 15 हजार से अधिक सरकारी शिक्षकों की निगाहें स्थानांतरण प्रक्रिया पर टिक गई हैं. विभाग के अनुसार 29 जुलाई से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 31 अक्टूबर तक पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.
25 जून को अधिसूचित हुई थी नियमावली
शिक्षा विभाग ने बताया कि 25 जून 2026 को अधिसूचित बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के प्रावधानों के अनुरूप स्थानांतरण से जुड़ी सभी गतिविधियों की समयबद्ध रूपरेखा तैयार की गई है.
सभी जिला पदाधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
हालांकि, शिक्षकों का कहना है कि स्थानांतरण की एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) अभी जारी नहीं होने के कारण कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं.
पहले चरण में होगा समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण
स्थानांतरण प्रक्रिया के पहले चरण में 29 जुलाई से 5 अगस्त तक समायोजन (समानुपातीकरण) और पारस्परिक स्थानांतरण के लिए आवेदन लिए जाएंगे.
इसके बाद 7 अगस्त से 9 सितंबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति की बैठक होगी. इसी अवधि में शिक्षकवार समायोजन सूची प्रकाशित होगी, उस पर प्राप्त आपत्तियों एवं अपीलों का निपटारा किया जाएगा.
16 सितंबर को जारी होगी रिक्त पदों की सूची
दूसरे चरण में 10 से 14 सितंबर तक पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
इसके बाद समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण के बाद विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों की सूची 16 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी. इसी सूची के आधार पर सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
17 सितंबर से सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन
सामान्य स्थानांतरण के लिए शिक्षक 17 से 23 सितंबर तक अपनी पसंद के विद्यालयों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
इसके बाद 24 सितंबर से 31 अक्टूबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति द्वारा स्थानांतरण सूची का प्रकाशन, प्राप्त अपीलों का निस्तारण तथा अंतिम स्थानांतरण आदेश जारी किए जाएंगे.
शिक्षकों में बढ़ी हलचल
लंबे समय से स्थानांतरण प्रक्रिया का इंतजार कर रहे शिक्षकों में समय-सारिणी जारी होने के बाद हलचल तेज हो गई है.
अब सभी की नजर आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत और शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले विस्तृत दिशा-निर्देशों पर है.
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत पारदर्शी, समयबद्ध और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी कराई जाएगी.
Bihar Teacher Transfer 2026: महत्वपूर्ण तिथियां
| प्रक्रिया | तिथि |
| समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण के लिए आवेदन | 29 जुलाई – 5 अगस्त |
| स्थापना समिति की बैठक एवं समायोजन प्रक्रिया | 7 अगस्त – 9 सितंबर |
| पारस्परिक स्थानांतरण | 10 – 14 सितंबर |
| संशोधित रिक्तियों की सूची जारी | 16 सितंबर |
| सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन | 17 – 23 सितंबर |
| अंतिम स्थानांतरण सूची, अपील निस्तारण एवं आदेश | 24 सितंबर – 31 अक्टूबर |
