Gopalganj News: केंद्र सरकार के टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 14 अगस्त तक चल रहे विशेष स्क्रीनिंग अभियान के क्रम में मंगलवार को बैकुंठपुर प्रखंड के रेवतिथ पंचायत भवन और चिउटाहां पंचायत के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभावित टीबी मरीजों की जांच की. अभियान के दौरान 330 लोगों की स्क्रीनिंग की गई.
डॉ. मनीष कुमार के नेतृत्व में चला शिविर
आरबीएसके टीम ने डॉ. मनीष कुमार के नेतृत्व में शिविर आयोजित किया. इस दौरान लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना और अन्य लक्षण वाले लोगों की विशेष रूप से जांच की गई.
स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर इलाज के महत्व की जानकारी देकर जागरूक भी किया.
संदिग्ध मरीजों की होगी नि:शुल्क जांच
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित संदिग्ध मरीजों की नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर नि:शुल्क बलगम जांच और एक्स-रे कराया जाएगा.
यदि जांच में टीबी की पुष्टि होती है तो मरीजों का इलाज सरकार की नि:शुल्क टीबी उपचार योजना के तहत किया जाएगा.
14 अगस्त तक चलेगा अभियान
अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष अभियान का उद्देश्य समय रहते टीबी मरीजों की पहचान कर संक्रमण की श्रृंखला को रोकना और जिले को टीवी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है. अभियान 14 अगस्त तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा.
