Gopalganj Missing Student: गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र की बनकटिया पंचायत स्थित राजापुर गांव निवासी मुस्तकीम अंसारी का 16 वर्षीय पुत्र सरफराज अंसारी पिछले 11 दिनों से लापता है. परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन देकर छात्र की सकुशल बरामदगी की मांग की है.
सीएसपी से रुपये निकालने के बाद हुआ लापता
सरफराज अंसारी राजापुर हाईस्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है. परिजनों के अनुसार, 2 जुलाई की शाम उसे जनता बाजार स्थित एक सीएसपी केंद्र से रुपये निकालने के लिए भेजा गया था. उसने वहां से 4,700 रुपये निकाले, जिसकी सूचना उसके पिता के मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से भी प्राप्त हुई.
हालांकि, इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.
सीएसपी के बाहर मिली साइकिल, झोली में था आधार कार्ड और पासबुक
खोजबीन के दौरान परिजन जनता बाजार स्थित सीएसपी केंद्र पहुंचे, जहां सरफराज की साइकिल बाहर खड़ी मिली. साइकिल की झोली में उसका आधार कार्ड और बैंक पासबुक भी रखा हुआ था, लेकिन छात्र का कहीं कोई पता नहीं चला.
परिजनों ने पूरी रात संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
एसपी से अपहरण के एंगल से जांच की मांग
घटना के बाद परिजनों ने कटेया थाना में आवेदन देकर मामले की सूचना दी. कई दिन बीत जाने के बावजूद छात्र का कोई पता नहीं चलने पर अब उन्होंने एसपी को आवेदन देकर मामले की गंभीरता से जांच कराने, अपहरण की आशंका के बिंदु पर जांच करने और छात्र की शीघ्र सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है.
अनहोनी की आशंका से सहमा परिवार
सरफराज के लापता होने के बाद परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं. परिजन लगातार पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
क्या बोले थानाध्यक्ष
कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के दिन से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. मामले की गंभीरता से तहकीकात की जा रही है और छात्र की तलाश जारी है.
इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस
