Gopalganj News: फुलवरिया प्रखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत राज चमारीपट्टी और कमलाकांत कररिया पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी.
दोनों पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर में कुल 124 मामले प्राप्त हुए. इनमें से 98 मामलों का मौके पर ही ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया गया. वहीं शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर जल्द समाधान का निर्देश दिया गया.
सीओ और बीईओ ने किया औचक निरीक्षण
शिविर के दौरान अंचलाधिकारी बीरबल वरुण कुमार और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने चमारीपट्टी तथा कमलाकांत कररिया पंचायत भवन में पहुंचकर शिविर की व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया.
इस दौरान सीओ ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि सरकार की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए शिविर के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
कई विभागों से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई
चमारीपट्टी पंचायत भवन में आयोजित शिविर का संचालन बीपीआरओ सुमी प्रिया की उपस्थिति में किया गया. वहीं कमलाकांत कररिया पंचायत भवन परिसर में आयोजित शिविर की देखरेख एलईओ शोभा कुमारी ने की.
शिविर में अंचल, पंचायत राज, मनरेगा, आपूर्ति, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई.
ग्रामीणों ने राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, राशन कार्ड में सुधार, पेंशन योजनाओं का लाभ, राजस्व संबंधी मामलों और भूमि विवाद से जुड़े आवेदन दिए.
अधिकारियों ने बताया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना है.
