Magadh Sugar Mills: मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड की इकाई भारत शुगर मिल्स, सिधवलिया में रविवार को प्रसिद्ध उद्योगपति के.के. बिड़ला की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. प्रशासनिक भवन के समक्ष सुबह साढ़े दस बजे आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया.
के.के. बिड़ला का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक
इस अवसर पर मिल के महाप्रबंधक विकास चंद्र त्यागी ने कहा कि स्वर्गीय के.के. बिड़ला का जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच, कर्मठता और मूल्यों पर आधारित कार्यशैली ने समूह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
उन्होंने कहा कि के.के. बिड़ला ने उद्योग के साथ-साथ समाज के विकास को भी प्राथमिकता दी. उनके बताये रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
कार्यसंस्कृति की नींव हैं उनके आदर्श
कार्यपालक उपाध्यक्ष विनोद सिंह ने कहा कि स्वर्गीय के.के. बिड़ला ने जो उच्च मानदंड स्थापित किये, वही आज कार्यसंस्कृति की नींव हैं. उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्व कभी भुलाये नहीं जाते.
उन्होंने कहा कि के.के. बिड़ला के विचार और आदर्श आज भी सभी को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं. सभी को उनके आदर्शों को अपने कार्य और व्यवहार में उतारने का प्रयास करना चाहिए.
मिल के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
श्रद्धांजलि सभा में महाप्रबंधक विकास चंद्र त्यागी, कार्यपालक उपाध्यक्ष विनोद सिंह, डिस्टलरी के जीएम प्रदीप शुक्ला, गन्ना विभाग के कार्यपालक उपाध्यक्ष शैलेंद्र त्रिपाठी, एकाउंट हेड सुशील जायसवाल, प्रोडक्शन हेड हरीबाबू पाल, एचआर हेड दिनेश तिवारी, क्वालिटी कंट्रोल मैनेजर अभय मिश्रा, असिस्टेंट एचआर रजनीश सिंह सहित मिल के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
