Gopalganj News : नगर के डाकघर रोड पर बेतरतीब पार्किंग के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है. सड़क के दोनों किनारों पर बाइक, ऑटो और टोटो खड़े रहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है. इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय कर्मियों, दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पथरगामा मुख्य चौक स्थित दुर्गा मंदिर से प्रोफेसर कॉलोनी मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर दिनभर वाहनों की कतार लगी रहती है. दुकानों के सामने आने वाले ग्राहक भी अपने वाहन सड़क किनारे जहां-तहां खड़े कर देते हैं. इससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है और थोड़ी देर में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है.
डाकघर रोड पर पार्किंग की समस्या बनी गंभीर
स्थानीय लोगों के अनुसार डाकघर रोड की स्थिति ऐसी हो गयी है कि सड़क का एक बड़ा हिस्सा पार्किंग के रूप में इस्तेमाल हो रहा है. सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण दूसरे वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती है. व्यस्त समय में समस्या और बढ़ जाती है.
स्कूल और बाजार आने-जाने वाले लोगों को परेशानी
जाम के कारण स्कूली बच्चों और कार्यालय जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है. बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी जाम से होकर गुजरना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित रूप से वाहनों की पार्किंग को नियंत्रित किया जाये, तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.
आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंसने का खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि डाकघर रोड पर जाम की स्थिति कई बार इतनी गंभीर हो जाती है कि आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता निकालना मुश्किल हो जाता है. एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं के जाम में फंसने से मरीजों को भी परेशानी हो सकती है.
ग्रामीणों और दुकानदारों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की
ग्रामीणों और दुकानदारों ने प्रशासन से सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था कराने के साथ सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की जाये. स्थानीय लोगों ने जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है.
