मीरगंज. मीरगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से अगवा चार किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस टीम ने दिल्ली, यूपी और सीवान के अलावा लछवार से इनकी बरामदगी की है. शादी की नीयत से अपहरण कर लिये जाने के आरोप में महीनों पहले मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. इनमें अधिकतर लड़कियां नाबालिग हैं, जिन्हें न्यायालय में 164 का बयान दर्ज कराने के लिए प्रस्तुत किया गया. पुलिस के अनुसार, मीरगंज थाने के बरइपट्टी से सोनी कुमारी नाम की लड़की का अपहरण कर लिया गया था, जिसकी प्राथमिकी पिछले साल दर्ज करायी गयी थी. पुलिस ने सोनी को सकुशल बरामद कर लिया है. वहीं, जीगना प्रधान टोला निवासी खुशी कुमारी का अपहरण भी कर लिया गया था, जिसे उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से बरामद किया गया है. वहीं, फतेहपुर गांव की रहनेवाली श्वेता कुमारी को दिल्ली से पुलिस ने बरामद किया है, जबकि नरैनिया गांव की रहनेवाली काजल कुमारी को लछवार गांव से बरामद किया गया है. थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर थाना क्षेत्र से गायब और अपहृत युवतियों व किशोरियों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया. महिला पुलिस टीम के साथ चलाये गये विशेष अभियान में चार लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया. परिजनों को सूचित करते हुए न्यायालय में सभी का बयान दर्ज कराने के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
