दाखिल-खारिज के नाम पर मांगे थे 20 हजार, 6500 लेते रंगे हाथ धराए अफसर, गिरी गाज

Vigilance Raid: बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए बरौली के रेवेन्यू ऑफिसर विजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है. दाखिल-खारिज के बदले रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ा था. अब उन्हें मुजफ्फरपुर कमिश्नर ऑफिस में अपनी हाजिरी लगानी होगी.

Vigilance Raid: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बरौली अंचल के रेवेन्यू ऑफिसर विजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई उन्हें रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद की गई है. विभाग ने उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार 13 जनवरी को विजिलेंस डिपार्टमेंट की टीम ने बरौली सर्किल ऑफिस में छापेमारी की थी. आरोप है कि रेवेन्यू ऑफिसर विजय कुमार सिंह जमीन की दाखिल-खारिज कराने के बदले रिश्वत मांग रहे थे. उसी दौरान टीम ने उन्हें 6500 रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया. इस घटना के बाद अंचल कार्यालय में काफी हलचल मच गई थी.

राजस्व पदाधिकारी कर रहे थे परेशान

बताया जाता है कि बरौली थाना क्षेत्र के बघेझी गांव के रहने वाले अमरेंद्र साह अपनी करीब 9.30 डिसमिल जमीन की दाखिल-खारिज कराने के लिए पिछले तीन वर्षों से सर्किल ऑफिस का चक्कर लगा रहे थे. कई बार प्रयास करने के बाद भी उनका काम नहीं हो पा रहा था. रेवेन्यू ऑफिसर ने उनका काम करने के बदले 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे.

घूस की मांग से परेशान होकर अमरेंद्र साह ने विजिलेंस टीम से शिकायत की. शिकायत की जांच के बाद टीम ने पूरी योजना बनाई. तय योजना के अनुसार 13 जनवरी की सुबह अमरेंद्र साह पैसे लेकर अंचल कार्यालय पहुंचे. जैसे ही उन्होंने 6500 रुपये दिए और अधिकारी ने पैसे लिए, उसी समय विजिलेंस टीम ने छापा मारकर उन्हें पकड़ लिया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई में निगरानी अधीक्षक नागेंद्र कुमार के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम शामिल थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को विशेष न्यायालय में पेश किया गया. मामले को गंभीर मानते हुए डिप्टी सीएम और राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर विभाग ने बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005 के तहत विजय कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया है. हिरासत से बाहर आने के बाद उनका मुख्यालय तिरहुत प्रमंडल आयुक्त कार्यालय मुजफ्फरपुर तय किया गया है, जहां उन्हें रेगुलर उपस्थिति दर्ज करनी होगी.

इसे भी पढ़ें: कुएं से मिली नाबालिग की लाश, गैंगरेप के आरोपों और पुलिस के दावों के बीच उलझी गुत्थी

18 से 20 मार्च तक बिहार के 20 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें IMD का वेदर अपडेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >