गोपालगंज: बैकुंठपुर CHC में एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म, मरीजों का प्रदर्शन, बाजार से महंगी वैक्सीन खरीदने की मजबूरी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठपुर में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध न होने से नाराज मरीजों और परिजनों ने मंगलवार को अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया. करीब एक महीने से वैक्सीन न मिलने से लोगों को महंगे दामों पर निजी दुकानों से खरीदनी पड़ रही है.

Gopalganj News: बैकुंठपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैकुंठपुर में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से नाराज मरीजों और उनके परिजनों ने मंगलवार को अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले करीब एक महीने से अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें निजी मेडिकल दुकानों से महंगे दाम पर वैक्सीन खरीदनी पड़ रही है.

एक महीने से वैक्सीन नहीं मिलने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि कुत्ता, सियार और बंदर के काटने के बाद लगाई जाने वाली एंटी रेबीज वैक्सीन के लिए वे लगातार अस्पताल का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है.

मंगलवार को भी बड़ी संख्या में मरीज वैक्सीन लेने सीएचसी पहुंचे, लेकिन दवा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर उनका आक्रोश फूट पड़ा.

अस्पताल परिसर में किया प्रदर्शन

वैक्सीन नहीं मिलने से नाराज मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकारी अस्पताल में दवा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें निजी मेडिकल दुकानों से महंगी कीमत पर वैक्सीन खरीदनी पड़ रही है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है.

स्वास्थ्य अधिकारियों ने दिया आश्वासन

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह और हेल्थ मैनेजर कमरान अहसन मौके पर पहुंचे. उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और जल्द वैक्सीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

जिला स्वास्थ्य समिति को भेजी गई मांग

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एंटी रेबीज वैक्सीन की आपूर्ति के लिए जिला स्वास्थ्य समिति को मांगपत्र भेजा गया है.

उन्होंने कहा कि जैसे ही वैक्सीन उपलब्ध होगी, सभी जरूरतमंद मरीजों को सरकारी अस्पताल में नि:शुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी. अस्पताल प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की है.

Also Read: बिहार विधानसभा में आज पेश होंगे 7 विधेयक, दाखिल-खारिज, सेवा कर समेत ये हैं शामिल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish Raj

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >