गोपालगंज: पंचदेवरी में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी, सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों का होगा सुंदरीकरण

पंचदेवरी प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा. डीडीटी छिड़काव की भी मांग उठी है.

Gopalganj News : पंचदेवरी प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता बीडीओ आयुष राज आलोक ने की. बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

सभी स्वास्थ्य केंद्रों का होगा सौंदर्यीकरण

स्वास्थ्य प्रबंधक गौरव कुमार ने समिति के सदस्यों को बताया कि विभागीय निर्देश के तहत प्रखंड के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों का सौंदर्यीकरण कराया जाना है. इसके तहत अस्पताल परिसर में मिट्टीकरण, बाउंड्री निर्माण, पेंटिंग सहित अन्य जरूरी कार्य कराये जायेंगे. बैठक के बाद इन कार्यों से संबंधित प्रस्ताव विभाग को भेजा जायेगा. उन्होंने कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा कराने के लिए समिति के सदस्यों से सुझाव भी मांगे.

स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं की दी गयी जानकारी

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी समिति के सदस्यों को दी. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए किये जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया.

गांवों में डीडीटी छिड़काव की उठी मांग

बैठक के दौरान समिति के सदस्य और भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जगदंबा राम ने प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में डीडीटी का छिड़काव कराने की मांग उठायी. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही.

उप स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था सुधारने का निर्देश

बीडीओ आयुष राज आलोक ने प्रखंड क्षेत्र में संचालित सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलना चाहिए. इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.

बैठक में पूर्व बीडीसी दशरथ मधेशिया, ललिता देवी, अजय कुमार समेत रोगी कल्याण समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजित द्विवेदी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >