गोपालगंज: पंचदेवरी से तबादला होने के बाद अंचलाधिकारी (सीओ) तरुण कुमार रंजन को मंगलवार को अंचल कार्यालय में आयोजित समारोह में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. इसी अवसर पर नई सीओ उमा कुमारी का भव्य स्वागत भी किया गया. कार्यक्रम में प्रखंड और अंचल के अधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया.
कर्तव्यनिष्ठ और मृदुभाषी अधिकारी के रूप में मिली पहचान
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने तरुण कुमार रंजन को कर्तव्यनिष्ठ, मृदुभाषी और जनसरोकारों से जुड़े अधिकारी के रूप में याद किया. लोगों ने कहा कि उनके कार्यकाल में पंचदेवरी को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने सक्रिय पहल की. उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वे जहां भी जाएंगे, वहां अपनी अलग पहचान बनाएंगे और पंचदेवरी के लोग उन्हें हमेशा याद रखेंगे.
सीओ ने जताया आभार
अपने संबोधन में तरुण कुमार रंजन ने तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और स्नेह के लिए प्रखंड एवं अंचल के कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पंचदेवरी में जो प्रेम और सम्मान मिला है, उसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे. समारोह के दौरान उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा गया जिले के लिए विदाई दी गई.
नई सीओ ने बेहतर कार्य करने का दिया भरोसा
स्वागत समारोह में नई सीओ उमा कुमारी ने कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करेंगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अंचल कार्यालय में लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीडीओ आयुष राज आलोक, अनूप मिश्र शुभम, पिंटू कुमार, मनीषा श्रीवास्तव, सीआई मनीष कुमार श्रीवास्तव, आईटी सहायक राकेश कुमार मिश्र, जैनेंद्र दुबे, विवेक श्रीवास्तव, रवि कुमार, विनोद कुमार, रामी प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि दुर्गेश कुशवाहा, पूर्व पैक्स अध्यक्ष डॉ. मुखी सिंह, पूर्व मुखिया विंध्याचल राम, दशरथ मधेशिया, रमंजय सिंह, मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में प्रखंड एवं अंचल कर्मी, स्थानीय पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम
