Gopalganj Police: गोपालगंज पुलिस को ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता मिली है. जिले में गुम या चोरी हुए कुल 116 मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित धारकों को वापस सौंप दिए गए. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई.
तकनीकी अनुसंधान से ट्रेस किए गए मोबाइल
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में लगातार मोबाइल गुम होने और चोरी की शिकायतें मिल रही थीं. इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तरीय मोबाइल रिकवरी टीम और संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने तकनीकी अनुसंधान और पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन ट्रेस किए.
नगर थाना से सबसे अधिक 30 मोबाइल बरामद
अभियान के दौरान नगर थाना से सर्वाधिक 30 मोबाइल बरामद किए गए. इसके अलावा मझागढ़ थाना से 18, कुचायकोट थाना से 10 और बैकुंठपुर थाना से 8 मोबाइल बरामद हुए. उचकागांव, सिधवलिया, विजयीपुर सहित अन्य थानों से भी मोबाइल रिकवर किए गए. इस तरह कुल 116 मोबाइल बरामद कर लिए गए.
सत्यापन के बाद मालिकों को सौंपे गए मोबाइल
पुलिस ने सभी मोबाइल का सत्यापन करने के बाद 4 अगस्त 2026 को संबंधित थानाध्यक्षों के माध्यम से उनके वास्तविक मालिकों को मोबाइल वापस सौंप दिए.
पुलिस ने लोगों से की यह अपील
गोपालगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाना में सूचना दें और निर्धारित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते तकनीकी मदद से मोबाइल बरामद किया जा सके. पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
