गोपालगंज. जिले में बीते तीन दिनों से चल रही तेज हवा और गुलाबी ठंड का असर शुक्रवार सुबह तक रहा. दिन चढ़ने के साथ ही ठंड का असर खत्म हुआ. सुबह- शाम ठंड बरकरार है. दिन के चढ़ने के साथ ही पसीना भी निकलने लगा. इसी के साथ ठंड के मौसम की विदाई हो रही है. पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है. इससे शुक्रवार शाम तक हवा में तेजी नहीं रह गयी. अब इससे मार्च का पारा तेजी से ऊपर चढ़ेगा. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. हवा की रफ्तार बुधवार से शुक्रवार को 30 किमी प्रति घंटे से घटकर 10.5 किमी प्रति घंटे तक आ गयी. होली में दिन का पारा 35 डिग्री तक पहुंचने के आसार है. हालांकि विशेषज्ञ एक सप्ताह तक सुबह- शाम गुलाबी ठंड का एहसास बने रहने के आसार जता रहे.
24 घंटे में 2.4 डिग्री बढ़ा पारा
पछुआ हवाओं की रफ्तार घटने के साथ ही पारा भी 24 घंटे में 2.4 डिग्री चढ़कर 26.3 से बढ़कर 29.1 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि रात का पारा एक डिग्री बढ़कर 15.4 डिग्री पर रहा. पछुआ हवा 10.4 किमी की रफ्तार से चलने लगी. आर्द्रता 42 प्रतिशत दर्ज हुई.
मार्च में ही 40 डिग्री को पार करेगा पारा
वहीं मार्च भर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इससे ऊपर भी जा सकता है. मौसम विज्ञानी डॉ एसएन पांडेय के मुताबिक, इस साल का मार्च महीना भी जनवरी और फरवरी की तर्ज पर अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड बना सकता है. पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ की वजह से चल रही तेज हवा के सिलसिले पर ब्रेक लग जायेगा. तापमान भी 4 से 5 डिग्री चढ़ आ सकता है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
