Anant Singh: मोकामा के विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने सोमवार को गोपालगंज स्थित अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-1 सह एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में सरेंडर किया. दोनों की ओर से दायर स्थायी जमानत अर्जी पर सुनवाई के बाद अदालत ने राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली. उनकी पेशी को लेकर कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
बचाव और अभियोजन पक्ष ने रखे अपने-अपने तर्क
सुनवाई के दौरान विधायक अनंत सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश पाठक ने अदालत को बताया कि पुलिस द्वारा दर्ज किया गया मामला तथ्यों के विपरीत है और उनके मुवक्किल को फंसाने के उद्देश्य से दर्ज किया गया है. वहीं अभियोजन पक्ष की ओर से एपीओ मंजय मधूप ने अदालत को बताया कि पुलिस की चार्जशीट में दोनों आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील गीत पर डांसर के साथ नृत्य करते हुए हथियार लहराया गया था.
दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने अनंत सिंह और गुंजन सिंह की स्थायी जमानत याचिका मंजूर कर ली.
इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह को मिली राहत, अग्रिम जमानत याचिका पर हुई सुनवाई, ये है मामला
जज के उठने के बाद दोबारा हुई सुनवाई
जानकारी के अनुसार, जब दोनों अदालत पहुंचे तब तक न्यायाधीश कोर्ट से उठ चुके थे. बाद में दोनों के पहुंचने की सूचना मिलने पर न्यायाधीश दोबारा कोर्ट पहुंचे और मामले की सुनवाई की. सुनवाई पूरी होने के बाद दोनों कोर्ट से बाहर निकल गए.
अदालत परिसर से बाहर निकलते समय अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है, लेकिन उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और अदालत से उन्हें न्याय मिला है.
इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह केस की जांच अब CID करेगी, गोपालगंज पुलिस ने फाइल सौंपी, 30 मई को होगी सुनवाई
कोर्ट परिसर में रही कड़ी सुरक्षा
अनंत सिंह के अदालत पहुंचने की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की.
क्या है पूरा मामला
मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव का है. 2 और 3 मई को आयोजित जनेऊ समारोह में भोजपुरी गायक गुंजन सिंह के कार्यक्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह शामिल हुए थे. आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान डांसर के साथ अश्लील गीत पर नृत्य करते हुए हथियार लहराया गया. इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की.
जांच के बाद मीरगंज थाना में कांड संख्या 247/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अनंत सिंह और गुंजन सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चार्जशीट दाखिल की थी.
पहले भी विवादों में रहे हैं अनंत सिंह
मोकामा विधायक अनंत सिंह बिहार की राजनीति के चर्चित नेताओं में गिने जाते हैं. उनका नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों और कानूनी विवादों में सामने आ चुका है. हालांकि, कई मामलों में उन्हें अदालत से राहत भी मिली है, जबकि कुछ मामलों में न्यायिक प्रक्रिया अब भी जारी है. इस कारण उनकी हर कानूनी पेशी और राजनीतिक गतिविधि सुर्खियों में रहती है.
फिलहाल मिली बड़ी राहत
गोपालगंज एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट से स्थायी जमानत मिलने के बाद फिलहाल अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को बड़ी राहत मिली है. हालांकि, मामले की आगे की न्यायिक प्रक्रिया कानून के अनुसार जारी रहेगी.
