गोपालगंज: मॉडल सदर अस्पताल पहुंचे विधायक, डॉक्टरों की कमी पर जताई चिंता

गोपालगंज सदर विधायक सुभाष सिंह ने सोमवार को मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने मरीजों से बात कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और डॉक्टरों की कमी पर चिंता जताई. विधायक ने अस्पताल में 10 नए एसी लगाने का भरोसा दिया है.

Gopalganj News : गोपालगंज सदर विधायक सुभाष सिंह ने सोमवार को मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली. विधायक के अस्पताल पहुंचते ही कर्मियों में हलचल तेज हो गई.

डॉक्टरों की कमी पर जताई चिंता

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में चिकित्सकों की कमी और लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि अस्पताल में पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की नियुक्ति हो सके और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके.

वार्डों में लगाए जाएंगे 10 नए एसी

सुभाष सिंह ने कहा कि उमस भरी गर्मी और बारिश के मौसम में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. इसे देखते हुए अगले दो से तीन दिनों के भीतर अस्पताल के विभिन्न वार्डों में 10 नए एसी लगाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही अतिरिक्त चिकित्सकों की व्यवस्था कराने के लिए भी संबंधित स्तर पर पहल की जाएगी.

सरकारी अस्पतालों पर बढ़ा लोगों का भरोसा

विधायक ने कहा कि मॉडल सदर अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज के लिए पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि लोगों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा बढ़ा है. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्था और बेहतर बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.

अस्पताल प्रशासन रहा मौजूद

निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधक जान मोहम्मद, चिकित्सक, सुरक्षा कर्मी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे. विधायक ने सभी से समन्वय बनाकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish Raj

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >