गोपालगंज में नहर किनारे मिला युवक का जला हुआ शव, परिजनों ने हत्या कर जलाने का लगाया आरोप

Gopalganj News: गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक का जला हुआ शव नहर किनारे मिला. परिजनों ने हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Gopalganj News: (मनीष राज) गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक का जला हुआ शव नहर किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि परिजनों ने हत्या कर शव जलाने का गंभीर आरोप लगाया है.

मृतक की पहचान जिघना तोता राम टोला निवासी 25 वर्षीय मनोज यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह टेंट में मजदूरी का काम करता था. गुरुवार को उसका शव घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर नहर के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला. शव पर जलने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

स्थानीय लोगों की सूचना पर मीरगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि मनोज यादव की पहले हत्या की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जलाने का प्रयास किया गया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

मीरगंज थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

Also Read : परसा दरोगा राय चौक से इंदिरा मार्केट तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >