मांझा. प्रखंड की देवापुर शेखपुदील पंचायत अंतर्गत धनखड़ में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर धनखड़ में ही मेडिकल कॉलेज बनाये जाने की मांग की. लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज बनने से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ होगी और युवाओं को शिक्षा व रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे. ग्रामीणों ने बताया कि देवापुर शेखपुदील पंचायत गोपालगंज नगर परिषद की सीमावर्ती पंचायत है और यह जिला मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. वहीं, दानापुर एनएच 27 से तुरकाहा एनएच 531 तक बन रही बाइपास सड़क के सटे होने से धनखड़ गांव को सीवान, गोपालगंज जिले के आसपास के कई प्रखंडों से सीधा लाभ मिलेगा. इस दौरान जदयू के प्रदेश महासचिव अमरेंद्र कुमार बारी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष डॉ योगेश प्रसाद पटेल, पंचायत समिति सदस्य राजकुमार प्रसाद, पूर्व मुखिया अशोक कुमार पटेल, ग्रामीण विनोद प्रसाद, राजन कुमार, गुड्डू कुमार, अखिलेश दुबे सहित अन्य लोगों ने कहा कि धनखड़ में मेडिकल कॉलेज का निर्माण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा. ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही. इस संबंध में मांझा के सीओ मुन्ना कुमार ने बताया कि धनखड़ में अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास, डिग्री कॉलेज और मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित की गयी है, जिसकी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
