Gopalganj News : मांझा प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को पारंपरिक तरीके से महावीरी अखाड़ा जुलूस निकाला जाएगा. इसे लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं. जुलूस के निर्धारित मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है. संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. मेले और अखाड़े की गतिविधियों पर ड्रोन कैमरे तथा वीडियोग्राफी के माध्यम से नजर रखी जाएगी.
अखाड़ा समितियों को निर्धारित मार्ग का पालन करने का निर्देश
प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों से निर्धारित मार्ग से ही जुलूस निकालने और प्रशासनिक निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है. जुलूस के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है. असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के लिए पुलिस टीमों को भी अलर्ट किया गया है.
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
महावीरी अखाड़े को लेकर सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह, सदर एसडीपीओ, बीडीओ वैभव शुक्ला, सीओ शम्मा परवीन और थानाध्यक्ष निरंजन कुमार समेत कई थानों की पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है. अधिकारियों ने अखाड़ा मार्ग और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये.
ड्रोन और वीडियोग्राफी से होगी हर गतिविधि पर नजर
प्रशासन की ओर से जुलूस और मेले की गतिविधियों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गयी है. पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. प्रशासन का उद्देश्य जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है.
आधी रात से ही जय श्री राम के नारों से गूंजा मांझा
महावीरी अखाड़े को लेकर मांझा प्रखंड मुख्यालय में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है. आधी रात होते ही जय श्री राम के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. जगह-जगह भगवा झंडे लगाये गये हैं और मुख्य मार्गों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है. अखाड़े में शामिल लोग पारंपरिक करतब और शौर्य का प्रदर्शन करेंगे, जबकि जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे.
