Gopalganj News: गोपालगंज जिले के फुलवरिया अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गयी. इस दौरान फुलवरिया और श्रीपुर थाना क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना. उपलब्ध अभिलेखों और दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया आगे बढ़ायी गयी.
आठ भूमि विवाद मामलों का हुआ निष्पादन
जनता दरबार के दौरान कुल आठ भूमि विवाद मामलों का निष्पादन किया गया. इनमें श्रीपुर थाना क्षेत्र के तीन और फुलवरिया थाना क्षेत्र के पांच मामले शामिल रहे.
वहीं, कुछ मामलों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने और स्थलीय जांच की प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण उनकी सुनवाई अगली निर्धारित तिथि तक स्थगित कर दी गयी. संबंधित पक्षों को आवश्यक अभिलेख समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि अगली सुनवाई में मामलों का समाधान किया जा सके.
अधिकारियों ने दोनों पक्षों को दी सलाह
सुनवाई के दौरान श्रीपुर थाना के दारोगा भरत राय, अंचल निरीक्षक सह राजस्व कर्मचारी शफीक अहमद, राजस्व कर्मचारी जयप्रकाश माझी तथा कार्यालय सहायक राकेश तिवारी उपस्थित रहे.
अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति और कानून के दायरे में रहकर विवादों का समाधान करने की सलाह दी. साथ ही बताया कि भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन और ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह जनता दरबार का नियमित आयोजन किया जा रहा है.
आवश्यक अभिलेख के साथ पहुंचने की अपील
अंचल प्रशासन ने लोगों से निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि इससे मामलों का शीघ्र और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकेगा.
